

अनोखी है टॉपर की कहानी
इस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली निशी गुप्ता की कहानी काफी प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने माता-पिता को गर्व करने की एक खास वजह दी है। पीसीएस जे 2022 में टॉप करने वाली निशी गुप्ता कानपुर की रहने वाली हैं, बेहद सामान्य परिवार से संबंध रखने वाली निशी के पिता एक छोटी सी पान की दुकान चलाते हैं। अब वे मेहनत कर यूपी न्यायिक सेवा (सिविल जज जूनियर डिविज़न) में टॉप कर चुकी हैं।
पिता के संघर्ष ने दिया बल
निशी के पिता निरंकार गुप्ता कानपुर में पान विक्रेता हैं। उनकी मां एक होममेकर हैं। निशी कहती हैं कि उनके पिता हमेशा मेहनत करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। निशी बचपन से ही वकालत करना चाहती थीं। उन्होंने कानपुर के फातिमा कॉन्वेंट से पढ़ाई की है। उन्होंने 10वीं में 77% और 12वीं की परीक्षा में भी 92% अंक हासिल किए थे। साल 2020 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी और 2022 में एलएलएम पास करने वाली निशी ने प्रयागराज से ही अपनी तैयारी पूरी की है। वे बचपन से ही जज बनना चाहती थी।